
दिल्ली के सोनिया विहार में एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई. यहां एक तेज रफ्तार डंपर और ऑटो की भिड़ंत हो गई, जिसमें एक नवजात बच्ची सहित तीन लोग काल के गाल में समा गए. जबकि पांच लोग घायल हो गए. सभी घायलों को जग प्रवेशचंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उनका इलाज चल रहा है. वहीं फायर और पुलिस की टीमें भी मौके पर पहुंची हुई हैं.
दिल्ली पुलिस की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक यह हादसा पुस्ता नंबर-5 के पास हुआ था. जहां डंपर नंबर DL1LY 5990 और ऑटो नंबर DL1RAB 5531 की जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में दो अज्ञात पुरुष और एक नवजात बच्ची की मौत हो गई. वहीं, घायलों में राजा और राखी समेत पांच लोग शामिल हैं. तीन साल की एक बच्ची सुरक्षित बताई गई है.
यह दुर्घटना सुबह करीब 5 बजकर 17 मिनट पर हुई थी. दिल्ली फायर सर्विस को कॉल मिलने पर दो वाटर टेंडर, एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल और इंसिडेंट रिस्पॉन्स टीम मौके पर पहुंच गई. स्टेशन ऑफिसर मनोज त्यागी की अगुवाई में टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. उन्होंने बताया कि डंपर ट्रक (रजिस्ट्रेशन नंबर डीएल1एलवाई 5990) और ऑटो (रजिस्ट्रेशन नंबर डीएल1आरएबी 5531) की टक्कर हुई. इस ऑटो में कुल नौ लोग सवार थे. इनमें तीन की मौत हो गई और पांच घायल हुए, जबकि एक बच्ची सुरक्षित रही.